लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में अनूपशहर स्थित एलडीएवी इंटर कॉलेज में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाद-विवाद, भाषण प्रतियोगिता, और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन कर छात्र-छात्राओं ने महारानी के जीवन से प्रेरणा ली।
🎤 दीप प्रज्वलन और तैलचित्र पर माल्यार्पण
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनूपशहर विधायक संजय कुमार शर्मा, पर्यवेक्षक अभय गर्ग, और प्रधानाचार्या शशि बाला पंत द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महारानी अहिल्याबाई होलकर के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
🗣️ वक्ताओं ने किया अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश
विधायक संजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “अहिल्याबाई होलकर मालवा की महान शासक थीं जिन्होंने देशभर में धार्मिक स्थलों का निर्माण कर भारतीय संस्कृति को संजोया। वह सुशासन, न्याय और लोक कल्याण की प्रतीक थीं।”
प्रधानाचार्या शशि बाला पंत ने उन्हें भारतीय संस्कृति का आदर्श स्वरूप बताते हुए कहा, “कर्तव्यनिष्ठा और समाज सेवा के लिए ही उन्हें लोकमाता की उपाधि दी गई।”
पर्यवेक्षक अभय गर्ग ने कहा कि “अहिल्याबाई अपने शासन को एक ईश्वरीय जिम्मेदारी मानती थीं और उसी निष्ठा से प्रजा की सेवा करती थीं।”
🎙️ प्रतियोगिताएं रहीं आकर्षण का केंद्र
इस समारोह में छात्रों ने भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने महारानी के जीवन पर आधारित रचनात्मक कलाएं प्रस्तुत कीं।
👥 विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन अखंड प्रताप सिंह ने किया। इस अवसर पर मुनेश शर्मा, अभय सिन्हा, विनीत बंसल समेत अनेक शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।